सांसद चंदन चौहान ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मासिक वेतन दान किया

मुजफ्फरनगर: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के आह्वान पर रालोद युवा विंग के अध्यक्ष और बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान ने अपना मासिक वेतन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पार्टी को समर्पित कर दिया।
मेरठ दौरे के दौरान रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने घोषणा की थी कि बाढ़ की आपदा में पार्टी पंजाब और अन्य प्रभावित राज्यों के साथ पूरी तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि रालोद के सांसद और विधायक अपना मासिक वेतन बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे। इसी क्रम में सांसद चंदन सिंह चौहान ने ₹2.30 लाख का चेक जयंत चौधरी को सौंपा। सांसदों को मूल वेतन के रूप में ₹1.24 लाख और दैनिक भत्ते के रूप में ₹2,500 प्रतिदिन मिलता है।
सांसद चंदन सिंह चौहान ने कहा कि आपदा में जनता की मदद करना जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि पंजाब में हालात गंभीर हैं, जहां बाढ़ ने हजारों घर तबाह कर दिए हैं, फसलें नष्ट हो गई हैं और लाखों लोग राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, भूख, बीमारी और असहायता का आलम है।
सांसद ने प्रार्थना की कि सभी प्रभावित लोग इस कठिनाई से जल्द उबरें। उन्होंने जयंत चौधरी द्वारा बाढ़ पीड़ितों के लिए लिया गया यह निर्णय सराहनीय बताया। यह राशि जल्द ही पंजाब में राहत कार्यों के लिए भेजी जाएगी। वर्तमान में रालोद के तीन सांसद और दस विधायक हैं, जो सभी अपना मासिक वेतन पीड़ितों की मदद के लिए पार्टी को सौंप रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.