झारखंड में नक्सली हमला, आईईडी विस्फोट में 5 जवान घायल

झारखंड। सारंडा के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर नक्सलियों ने बड़ा हमला किया है। मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालिबा गांव के पास चडराडेरा इलाके में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में पांच जवान घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली हुई थी, इसी दौरान नक्सलियों के साथ उनका संपर्क हुआ और मुठभेड़ की स्थिति बन गई। इसी बीच पहले से बिछाए गए आईईडी में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में कोबरा बटालियन-205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य जवान मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए हैं।
घायल जवानों का इलाज जारी
घटना की पुष्टि चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि यह हमला नक्सलियों की सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल जवानों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य जवानों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायल जवानों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है, ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.