नेपाल में रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध हालात में मौत, खान सर कोचिंग विवाद में थे आरोपी

पटना: मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु से जुड़े विवाद के बीच एक नया घटनाक्रम सामने आया है। ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस कुमार यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव बीते कुछ दिनों से नेपाल में थे। शुक्रवार देर रात उनकी मौत की सूचना सामने आई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रिंस यादव के साथ मौजूद कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। वहीं, परिजन और समर्थक हत्या की आशंका जता रहे हैं तथा मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रिंस यादव का नाम पहले पटना में कोचिंग संस्थानों से जुड़े चर्चित विवाद के दौरान भी सामने आया था। वहीं, उनके बड़े भाई रौशन आनंद फिलहाल उस मामले में न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं।
प्रिंस यादव सहरसा जिले के निवासी थे और स्थानीय स्तर पर सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय माने जाते थे। बताया जाता है कि वह भविष्य में जिला परिषद चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे।
इस घटना के बाद सहरसा समेत बिहार के कई इलाकों में चर्चा का माहौल है। अब सभी की नजर नेपाल पुलिस की जांच और आधिकारिक रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.