पलामू में पुलिस मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी फैज खान गिरफ्तार, पैर में लगी दो गोलियां

मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड के पलामू जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुड्डू खलीफा हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल कुख्यात अपराधी फैज खान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में फैज खान के पैर में दो गोलियां लगीं, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके एक साथी को भी हिरासत में लिया है, जो इस हत्या मामले में नामजद बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शताब्दी मार्केट में गुरुवार रात गुड्डू खलीफा की हत्या के बाद फैज खान अपने सहयोगी के साथ पांकी होते हुए बिहार भागने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच पुलिस को उसकी लोकेशन की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पांकी इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
छापेमारी के दौरान ताल गांव के पास अमानत नदी के किनारे फैज खान और उसका साथी पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि फैज खान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें फैज खान के पैर में दो गोलियां लग गईं और वह घायल होकर नदी के किनारे गिर पड़ा।
फैज खान के घायल होते ही उसका साथी घबरा गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मौके से पुलिस ने एक देसी पिस्टल भी बरामद की है।
घायल आरोपी को पहले नजदीकी सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।
पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान यह कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि आरोपी फैज खान के पैर में दो गोलियां लगी हैं और उसका एक साथी भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.