रांची: जेल में शराब घोटाले के आरोपी का डांस वीडियो वायरल, जेल प्रशासन पर उठे सवाल

रांची। राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा फिर विवादों में घिर गया है। शराब और जीएसटी घोटाले के आरोपियों विधु गुप्ता और सिद्धार्थ सिंघानिया का जेल परिसर के अंदर डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों आरोपी म्यूजिक बजाकर जमकर मौज-मस्ती करते दिख रहे हैं।
इस घटना ने जेल प्रशासन की लापरवाही और अंदरूनी मिलीभगत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो के सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल के आईजी ने तुरंत कारापाल को निलंबित कर पूरे मामले की जांच का आदेश दे दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों और दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
विधु गुप्ता और सिद्धार्थ सिंघानिया को जुलाई में एसीबी ने शराब घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि विधु गुप्ता ने झारखंड और छत्तीसगढ़ में नकली होलोग्राम की आपूर्ति कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की। यह नेटवर्क वह सिद्धार्थ सिंघानिया के साथ मिलकर संचालित करता था। हालांकि, पर्याप्त सबूत न होने के कारण अब तक आरोपपत्र अदालत में दाखिल नहीं किया जा सका है। फिलहाल दोनों आरोपी जमानत पर बाहर हैं।
जेल के भीतर मोबाइल फोन, म्यूजिक सिस्टम और अन्य विलासिता संबंधी साधनों की मौजूदगी इस घटना के बाद फिर चर्चा में आ गई है। इससे पहले भी हजारीबाग जेल में मोबाइल फोन मिलने का मामला सामने आ चुका है, लेकिन अब राजधानी की बिरसा मुंडा जेल में वायरल यह वीडियो कारा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.