रांची पुलिस की अनोखी पहल, ट्रैफिक जवानों के लिए कूलिंग जैकेट का ट्रायल शुरू

रांची। भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए रांची पुलिस ने एक नई और आधुनिक पहल शुरू की है। पुलिस ने जवानों की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से “कूलिंग जैकेट” का ट्रायल शुरू किया है।
यह विशेष जैकेट उन्नत तकनीक से लैस है, जिसमें इन-बिल्ट फैन सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम लगातार हवा का संचार बनाए रखता है, जिससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और तेज गर्मी में भी जवान लंबे समय तक आराम से ड्यूटी कर सकते हैं।
जैकेट को पावर बैंक से संचालित किया जाता है और एक बार फुल चार्ज होने पर यह लगभग आठ घंटे तक लगातार काम करती है। इसके साथ ही इसमें एसपीएफ-50 प्रोटेक्शन वाला फैब्रिक इस्तेमाल किया गया है, जो तेज धूप और हानिकारक यूवी किरणों से बचाव में मदद करता है।
रात के समय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जैकेट में रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स भी लगाई गई हैं, जिससे कम रोशनी में भी जवानों की पहचान आसानी से हो सके।
पांच जैकेटों के साथ ट्रायल शुरू
फिलहाल रांची पुलिस ने पांच कूलिंग जैकेटों के साथ ट्रायल शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि इसका परिणाम सकारात्मक रहता है तो आगे और जैकेटों की खरीद की जाएगी। भविष्य में इसे झारखंड के अन्य शहरों में भी लागू करने की योजना है।
इस पहल को पुलिस व्यवस्था में आधुनिक तकनीक के उपयोग और जवानों के स्वास्थ्य-सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.