संभल राइस मिल हादसा: जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत

संभल। बहजोई क्षेत्र में मंडी समिति से इसामपुर रोड स्थित एसआर राइस मिल में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बड़ा हादसा हो गया। मक्का साफ करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राइस मिल में मक्का की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मक्का रखने वाली हौदी (टैंक) में जाम लग गया, जिसे ठीक करने के लिए विजय (42), निवासी समद सराय, थाना मुंडापांडे (मुरादाबाद) हौदी के अंदर उतरा।
बताया जाता है कि हौदी के भीतर जहरीली गैस बनने के कारण वह बेहोश हो गया और बाहर नहीं निकल सका। साथी मजदूर ओमपाल (32), निवासी मुंडापांडे (मुरादाबाद), उसे बचाने के लिए हौदी में उतरा, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आ गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रात के समय घटना की जानकारी किसी को नहीं लग सकी। सुबह कर्मचारियों ने स्थिति देखी तो दोनों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सुबह करीब 9:30 बजे राइस मिल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.