संजय मित्तल गुट का दबदबा बरकरार, गुड़ मंडी चुनाव में 31 में से 31 सीटों पर कब्जा

मुजफ्फरनगर। एशिया की प्रमुख गुड़ मंडियों में शुमार नवीन गुड़ मंडी स्थित “दि गुड़ खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन” के द्विवार्षिक चुनाव में एक बार फिर संजय मित्तल गुट ने अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार जीत दर्ज की। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे आए परिणामों में उनके पैनल ने सभी 31 सदस्य पदों पर कब्जा कर विरोधी खेमे को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया।
इस चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रहे भाजपा नेता और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े सचिन सिंघल को करारी हार झेलनी पड़ी। उन्हें मात्र 28 वोट मिले, जबकि उनके समर्थित पैनल का प्रदर्शन भी बेहद कमजोर रहा। वहीं खरीददार वर्ग से उनके समर्थक रिंकल बंसल को भी केवल 30 मत ही प्राप्त हो सके।

कुल 252 मतदाताओं में से 241 व्यापारियों ने मतदान किया। मतगणना के दौरान शुरू से ही संजय मित्तल गुट की बढ़त बनी रही और अंततः परिणाम पूरी तरह एकतरफा साबित हुए।
चुनाव में व्यापारियों के बीच मंडी की प्रतिष्ठा, व्यापारिक हितों की सुरक्षा और झूठी शिकायतों से कारोबार पर पड़ रहे असर जैसे मुद्दे प्रमुख चर्चा में रहे। अधिकांश व्यापारियों ने इन परिस्थितियों को देखते हुए संजय मित्तल के नेतृत्व पर भरोसा जताया और पूरे पैनल को समर्थन दिया।
बिकवाल वर्ग से अंकित गर्ग, अरविंद गोयल, आशीष बंसल, देवेंद्र कुमार, निकेत गोयल, नितिन सिंघल, नितिन संगल, नवीन जैन, प्रदीप कुमार, रविंद्र कुमार, सचिन मोहन गोयल, सुनील तायल, श्याम सिंह सैनी, विकास गुप्ता और विवेक गर्ग निर्वाचित हुए।

वहीं खरीददार वर्ग से संजय मित्तल, अमित जैन, अनुज कुमार सिंघल, हरिशंकर तायल, मुकेश जैन, मनोज कुमार, राजेश गोयल, राजेंद्र सिंघल, शुभम बंसल, श्याम सुंदर बेडिया, सुरेंद्र कुमार बंसल, संदीप गुप्ता, संजीव गोयल, विजय कुमार, विजय गुप्ता और विशाल कालरा ने जीत हासिल की।
अब निर्वाचित 31 सदस्य आगे अध्यक्ष, महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों का चयन करेंगे। लगातार 18वीं बार जीत दर्ज करने वाले संजय मित्तल ने सभी व्यापारियों का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे व्यापारी समाज के भरोसे की जीत है। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करना तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.