मुजफ्फरनगर तहसील में हंगामा: जमीन विवाद में महिला ने पूर्व प्रधान को चप्पल से पीटा

मुजफ्फरनगर। सदर तहसील परिसर में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पैतृक जमीन के विवाद को लेकर एक महिला और गांव के पूर्व प्रधान के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने पूर्व प्रधान की चप्पल से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के मंधेड़ा गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी देवेन्द्री ने आरोप लगाया है कि पूर्व प्रधान मित्रसेन ने उसके ससुर को कथित रूप से प्रलोभन देकर उनकी पैतृक जमीन अपने नाम करा ली थी। महिला का दावा है कि जमीन का हस्तांतरण होने के बावजूद अब तक उसका पूरा भुगतान नहीं किया गया है।

बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे देवेन्द्री किसी कार्य से सदर तहसील में लेखपाल से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पूर्व प्रधान मित्रसेन से हो गई। जमीन के भुगतान को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई।
महिला का आरोप है कि बहस के दौरान पूर्व प्रधान ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की और गला दबाने की कोशिश की। इसके बाद आक्रोशित महिला ने मौके पर ही चप्पल उठाकर पूर्व प्रधान पर प्रहार कर दिए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को अलग कराया।

घटना के बाद महिला ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान ने उसे भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। उसका कहना है कि आरोपी प्रभावशाली व्यक्ति है, जिसके कारण उसका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
मामले को लेकर महिला ने खालापार थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.