सतना: सात माह की गर्भवती ने एक साथ तीन बच्चियों को जन्म दिया

सतना। जिला अस्पताल में देर रात एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां सात महीने की गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बेटियों को जन्म दिया। खास बात यह रही कि तीनों बच्चों का जन्म सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के जरिए हुआ, जिसे चिकित्सक भी असाधारण मान रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रसूता प्रियंका साकेत ने रात के समय क्रमवार तीन बच्चियों को जन्म दिया। पहली डिलीवरी रात करीब 10:25 बजे हुई, दूसरी 11:45 बजे और तीसरी बच्ची का जन्म 11:56 बजे हुआ। लगभग डेढ़ घंटे के भीतर तीनों शिशुओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया। सभी नवजातों का वजन लगभग एक-एक किलोग्राम बताया गया है।
सातवें महीने में जन्म होने के कारण तीनों बच्चियां समय से पहले पैदा हुई हैं और पूरी तरह विकसित नहीं हैं। इसी वजह से जन्म के तुरंत बाद उन्हें विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में भर्ती किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, नवजातों की सांस, तापमान और पोषण से जुड़ी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
वहीं, प्रसूता प्रियंका साकेत की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। एक साथ तीन बेटियों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है, जबकि अस्पताल स्टाफ भी इस दुर्लभ सफल प्रसव को लेकर चर्चा में है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.