मुजफ्फरनगर: शुकतीर्थ में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, बालिका समेत 3 श्रद्धालुओं की मौत

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के शुकतीर्थ में रविवार शाम आयोजित एक विशाल सत्संग के दौरान गंगा स्नान के समय दर्दनाक हादसा हो गया। अलग-अलग घटनाओं में एक बालिका समेत तीन श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

स्नान के दौरान एक युवक डूबा, बचाने में दोस्त भी फंसा
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जिले के फतेहपुर कला निवासी 22 वर्षीय मनीष पुत्र नरेश शुकतीर्थ में सत्संग सुनने आया था। गंगा स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसे बचाने के लिए उसका साथी राजन (18) पुत्र बाबूराम भी गंगा में कूद गया, लेकिन दोनों ही गहराई में फंस गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत गोताखोरों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला और भोपा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजन को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनीष की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना में एक और युवक की मौत
इसी दौरान एक अन्य हादसे में बागपत जिले के बिनौली थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय हिमांशु पुत्र सचिन भी गंगा स्नान करते समय डूब गया। उसे भी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
10 वर्षीय बालिका की भी गई जान
एक अन्य दर्दनाक घटना में बिजनौर जिले के नगीना थाना क्षेत्र के हर नंगला गांव की 10 वर्षीय रागनी पुत्री सोहन पाल भी गंगा में स्नान के दौरान डूब गई। उसे भी तत्काल सीएचसी लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना पर भोपा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सभी शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.