जयपुर में तेज रफ्तार ऑडी का तांडव: एक की मौत, 15 घायल

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का खतरनाक नजारा देखने को मिला। एक लग्जरी ऑडी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों और ठेलों पर चढ़ गई। पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के खाराबास सर्किल के पास हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस का कहना है कि वाहन पहले डिवाइडर से टकराया, जिसके बाद चालक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। इसके बाद कार लगभग 30 मीटर तक सड़क किनारे लगे ठेलों, खाने-पीने की दुकानों और पैदल राहगीरों को कुचलती चली गई। इस दौरान कई खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की भयावहता से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
नशे की हालत में होने की आशंका
पुलिस के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे और सभी के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना के तुरंत बाद एक व्यक्ति को मौके से हिरासत में ले लिया गया, जबकि बाकी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने ऑडी कार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को तत्काल जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि कुछ घायलों को निजी अस्पतालों में भेजा गया। भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं चार गंभीर रूप से घायल मरीजों को सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह भी जयपुरिया अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों को इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.