जनता संग चाय और संवाद: सीएम धामी ने नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान किया मंदिर का निरीक्षण

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार सुबह नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान आम नागरिकों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ पंत पार्क में निर्माणाधीन नयना देवी मंदिर के गेट का निरीक्षण किया और लोगों के साथ चाय पीकर उनकी समस्याओं के बारे में भी जाना।
मुख्यमंत्री बुधवार को नैनीताल पहुंचे थे। गुरुवार सुबह सात बजे उन्होंने एटीआई से पंत पार्क तक पैदल टहलते हुए रास्ते में मिलने वाले लोगों से उनके हाल चाल पूछे और पुलिसकर्मियों से ड्यूटी में आने वाली कठिनाइयों के बारे में चर्चा की। पंत पार्क पहुंचने के बाद उन्होंने नयना देवी मंदिर के नए गेट के निर्माण का जायजा लिया और अधिकारियों को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मानसखंड मिशन के तहत मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। इस परियोजना के लिए 11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे मंदिर को और भव्य व आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने डीएसए मैदान के सुधार, बलिया नाला और ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों की जानकारी भी अधिकारियों से ली और इन सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने वहां मौजूद नागरिकों से बातचीत की और फड़ में चाय पीते हुए उनकी समस्याओं को जाना। पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी रैन बसेरों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के साथ सीएससी चन्द्र शेखर रावत, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजुनाथ टीसी, एसडीएम नवाजिश खलिख, लोनिवि ईई रत्नेश सक्सेना, ईओ रोहिताश शर्मा, तहसीलदार अक्षय भट्ट, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, मनोज जोशी, दया किशन पोखरिया, हरीश राणा और मोहित लाल साह भी मौजूद थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.