पटना में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्ग बंद

पटना। लोक भवन में होने वाले मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी में व्यापक ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। बुधवार सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक राजेंद्र चौक की ओर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव
यातायात पुलिस द्वारा जारी नई व्यवस्था के तहत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई है। चिड़ियाघर गेट नंबर-2 से राजेंद्र चौक की ओर जाने वाले सामान्य वाहनों पर रोक लगा दी गई है। इसी तरह आईजी मोड़ से राजेंद्र नगर चौक की दिशा में आने वाले ट्रैफिक को भी प्रतिबंधित किया गया है। बीबी मंडल गोलंबर से पश्चिम दिशा की ओर राजेंद्र चौक तक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लागू रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिबंध कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि असुविधा से बचा जा सके।
कई जगहों पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त बल तैनात
कार्यक्रम को देखते हुए लोक भवन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चिड़ियाघर गेट, राजेंद्र नगर, आईजी मोड़, बीपी मंडल गोलंबर से लेकर अणे मार्ग, देशरत्न मार्ग, सर्कुलर रोड और नेहरू पथ तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हर प्रमुख प्वाइंट पर बैरिकेडिंग लगाई गई है और ट्रैफिक पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। संवेदनशील इलाकों में सैप और अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी स्थिति में भीड़ या अव्यवस्था न हो।
बीजेपी कार्यालय और सरकारी भवनों के आसपास कड़ी निगरानी
नई सरकार के गठन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार रात हुई समीक्षा बैठक के बाद मंगलवार सुबह से ही मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री आवास, लोक भवन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दोपहर के समय इनकम टैक्स गोलंबर से लेकर भाजपा कार्यालय तक के 500 मीटर क्षेत्र में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई, और कुछ लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर डायवर्जन लागू किए गए, जिसमें वाहनों को नेहरू पथ की ओर मोड़ा गया। आर ब्लॉक की तरफ से गलत दिशा में आने वाले वाहनों को रोकने के लिए भी विशेष पुलिस तैनाती की गई।
सुरक्षा घेरे में पूरा इलाका
लोक भवन के चारों ओर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। डॉग स्क्वॉड और बीएसएपी जवानों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
अधिकारियों के मुताबिक, पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.