त्विषा शर्मा केस: सीबीआई ने डमी के साथ घटनास्थल पर किया सीन रीक्रिएशन

भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा मामले की जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को एक बार फिर घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का रि-क्रिएशन किया। इस दौरान आरोपी पति समर्थ सिंह और उनकी मां, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरीबाला सिंह को भी मौके पर ले जाया गया।
कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर पहुंची टीम
सीबीआई की टीम दोपहर करीब 12 बजे दोनों आरोपियों के साथ बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित घर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर कटारा हिल्स थाना पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
80 किलो की डमी से किया गया सीन रिक्रिएशन
जांच के दौरान टीम ने घर की छत पर उस स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां त्विषा शर्मा को कथित रूप से फंदे पर लटका हुआ पाया गया था। मेडिकल रिपोर्ट में उनका वजन करीब 80 किलो बताया गया था, जिसके आधार पर सीबीआई 80 किलो वजनी डमी लेकर मौके पर पहुंची और उसी पोजिशन में घटनाक्रम को दोहराया।
सीबीआई ने आरोपियों द्वारा पहले दिए गए बयानों के आधार पर यह समझने की कोशिश की कि घटना किस तरह हुई और शव को नीचे कैसे उतारा गया।
आरोपियों के बयान और जांच का फोकस
जांच के दौरान समर्थ सिंह ने दावा किया कि उन्होंने त्विषा के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की थी। उनका कहना है कि शरीर पर दिखे चोट के निशान संभवतः शव को नीचे उतारने या अस्पताल ले जाने की जल्दबाजी में लगे होंगे।
सीबीआई का मुख्य ध्यान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज चोटों और घटनास्थल की परिस्थितियों के बीच तालमेल बैठाने पर रहा।
चोटों को लेकर अभी भी सवाल बरकरार
सूत्रों के मुताबिक, रि-क्रिएशन के बावजूद कई चोटों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसी वजह से सीबीआई ने आरोपियों से एक बार फिर विस्तृत पूछताछ की है।
आगे की जांच जारी
जांच एजेंसी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की स्थिति और आरोपियों के बयानों का मिलान कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। त्विषा शर्मा मौत का यह मामला प्रदेश के हाई-प्रोफाइल केसों में शामिल है और सीबीआई इसकी हर एंगल से जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.