यूपी टी-20 लीग: काशी रुद्रास ने फाइनल में मेरठ को 8 विकेट से हराया

शानदार फॉर्म में खेल रही काशी रुद्रास ने गत विजेता मेरठ मावरिक्स को आठ विकेट से हराकर यूपी टी-20 लीग का खिताब दूसरी बार अपने नाम किया। 145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए काशी ने मात्र 15.4 ओवर में दो विकेट खोकर जीत दर्ज की। कप्तान करन शर्मा (65) और अभिषेक गोस्वामी (57) ने टीम के लिए मजबूत शुरुआत दी, जबकि गेंदबाजी में शिवम मावी और कार्तिक यादव ने दो-दो विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मेरठ टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली मेरठ टीम शुरुआत में ही विकेट खोते रही। पहले ही ओवर में सुनील कुमार ने स्वास्तिक चिकारा को आउट कराया। अक्षय दुबे 17 रन बनाकर कार्तिक यादव की गेंद पर बोल्ड हुए। कप्तान माधव कौशिक (6), रितुराज शर्मा (12) और दिव्यांश राजपूत (18) भी बड़े स्कोर तक नहीं पहुँच सके।
प्रशांत चौधरी ने 29 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 37 रन की पारी खेली, लेकिन यशोवर्धन को अटल बिहारी राय की गेंद पर कैच दे बैठे। निचले क्रम में ऋतिक वत्स (18) और यश गर्ग (14) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। मेरठ की टीम 144 रन पर नौ विकेट खोकर ऑल आउट हुई। काशी की ओर से शिवम मावी ने 24, कार्तिक यादव ने 23 और सुनील कुमार ने 41 रन देकर दो-दो विकेट लिए।
करन और अभिषेक ने लक्ष्य आसान बनाया
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत कप्तान करन शर्मा और अभिषेक गोस्वामी ने मजबूत की। 9.4 ओवर में दोनों ने 108 रन जोड़कर टीम को सुरक्षित स्थिति में पहुँचाया। करन शर्मा ने 31 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से 65 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उवैस अहमद केवल छह रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अभिषेक गोस्वामी (57*) और शुभम चौबे (6*) ने मिलकर टीम को जीत दिला दी।
योगी की अपील: यूपी को दो राष्ट्रीय टीमों का अवसर
यूपी टी-20 लीग के फाइनल में शामिल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीसीसीआई से प्रदेश को दो राष्ट्रीय स्तर की टीमों की अनुमति देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिलेंगे और प्रदर्शन भी बेहतर होगा।
सीएम ने बताया कि यूपी टी-20 लीग युवाओं के लिए बड़ा मंच है, जहां खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाराणसी में प्रधानमंत्री की प्रेरणा से बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का 70% काम पूरा हो चुका है और यह वर्ष के अंत तक तैयार हो जाएगा। अयोध्या और गोरखपुर में भी स्टेडियम निर्माणाधीन हैं, जबकि मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों का स्टेडियम बनाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.