बदायूं में टेंपो-बाइक टक्कर के बाद बवाल, दो पक्षों में जमकर पथराव

बदायूं: जिले के इस्लामनगर कस्बे के मोहल्ला कुरैशी स्थित मछली बाजार में शुक्रवार शाम मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बड़े बवाल में बदल गया। टेंपो की टक्कर से बाइक का शीशा टूटने के बाद दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर दोनों ही समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। करीब एक घंटे तक चले पथराव में इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संभल जिले के हयातनगर निवासी दीपक अपने टेंपो से मछली बाजार में सामान उतारने आया था। इसी दौरान टेंपो की टक्कर से स्थानीय निवासी याबर के पुत्र कल्लू की बाइक का शीशा टूट गया। शुरुआत में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसे टेंपो चालक द्वारा नुकसान भरने की बात कहकर शांत करा दिया गया था।
लेकिन इसी बीच पड़ोस में रहने वाले याकूब कुरैशी के मौके पर पहुंचने से विवाद ने नया मोड़ ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए और बात इतनी बढ़ गई कि घरों और छतों से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और बाजार की गलियां पथराव से भर गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन हालात बिगड़ते देख एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया और सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं और उपद्रवियों को खदेड़कर हालात नियंत्रित किए गए। इसके बाद आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुला लिया गया।
पथराव में आरिफ, आमिद, इमरान, बबलू और फारुख समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने कहा है कि तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.