उत्तराखंड: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति पर अब 1 लाख रुपये की सहायता

आगामी वित्तीय वर्ष से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति पर न्यूनतम 1 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठनों के साथ सहमति बनाने के बाद इस दिशा में आदेश जारी कर दिए हैं।
सचिवालय स्थित एचआरडीसी सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने बताया कि वर्तमान में सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 35-40 हजार रुपये मिलते हैं। इसे बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं से तीन सौ रुपये मासिक योगदान की आवश्यकता थी, जिसकी सहमति लेने के बाद अब नए वित्तीय वर्ष से यह राशि बढ़ा दी गई है। अगले साल 1 अप्रैल से सेवानिवृत्त होने वाले सभी कार्यकर्ताओं को इसका लाभ मिलेगा।
बैठक में मंत्री ने एकल महिला स्वरोजगार योजना का भी अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि छह जिलों से अब तक 504 प्रस्ताव स्वीकृत किए जा चुके हैं और जनवरी के पहले सप्ताह में धनराशि जारी करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, नंदा गौरा योजना के तहत इस साल अब तक 45 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर है, इसलिए संख्या और बढ़ सकती है। पात्र अभ्यर्थियों को राशि 15 जनवरी के आसपास जारी की जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पदोन्नति के संबंध में मंत्री ने कहा कि 88 पदों के लिए एक सप्ताह के भीतर विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी। इसके अलावा, वृद्ध महिलाओं के लिए अगले साल नई सहायता योजना शुरू की जाएगी, जिसके लिए 8 करोड़ रुपये का फंड निर्धारित किया गया है।
बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार यादव, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, नीतू फुलेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.