गिरिडीह | गिरिडीह-देवघर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मधवा टोल टैक्स के निकट मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान लीलो तुरी, छोटू तुरी और राजन तुरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, छोटू तुरी और राजन तुरी पिता-पुत्र हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग नावडीह ओपी अंतर्गत जंगरीडीह गांव से बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर स्थित लीलो तुरी की भतीजी के यहां अखाड़ी पूजा का प्रसाद ग्रहण करने गए थे। देर रात लौटते समय मधवा टोल टैक्स पार करते ही उनकी कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना में घायल हुई महिलाओं की पहचान सोनी देवी और संगीता देवी के रूप में हुई है। मृतक लीलो तुरी, संगीता देवी के पति थे। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुटे और पुलिस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल बेंगाबाद थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद सदर अस्पताल में शोक का माहौल बना हुआ है।
Read News: बाड़मेर में पानी की टंकी से एक ही परिवार के चार लोगों के शव बरामद