फर्रुखाबाद से एटा जा रही एटा डिपो की रोडवेज बस गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। घटना थाना बागवाला क्षेत्र के गांव कीलरमऊ के पास करीब 11 बजे हुई, जब बस अचानक तकनीकी खराबी के चलते सड़क किनारे खड़ी हो गई।

जानकारी के अनुसार, बस को दोबारा स्टार्ट करने के लिए कुछ यात्री पीछे से धक्का लगा रहे थे, जबकि कई यात्री बस के आगे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस को धक्का दे रहे यात्री बस और कंटेनर के बीच फंस गए, जबकि आगे खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

चार लोगों की मौत की पुष्टि

डॉक्टरों ने इमरजेंसी में चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में राजेश (34), सुखराम, शैलेश कुमार और सत्येंद्र शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सभी मृतक अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

कई घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे में रवि, विक्रांत, आनंद सिंह, दक्ष सहित कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है।