छत्‍तीसगढ़ में खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को वोट डालने मतदान केंद्रों मतदाता पहुंच चुके हैं। यहां सुबह सात से शाम बजे तक मतदान शुरू होगा। उपचुनाव की प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए एक दिन पूर्व सोमवार को मतदान दल केंद्रों में पहुंच गए। यहां कुल 10 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

इनमें भाजपा से कोमल जंघेल, कांग्रेस से यशोदा वर्मा, जकांछ (जे) से नरेंद्र सोनी व अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा के आम चुनाव में जकांछ से देवव्रत सिंह खैरागढ़ से विधायक चुने गए थे। चार नवंबर 2021 को उनका आकस्मिक निधन होने से खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

क्षेत्र में दो लाख 11 हजार 516 मतदाता हैं। मतदान के लिए 291 केंद्र बनाए गए हैं। वहां 2500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही 1,150 अधिकारी-कर्मचारी की भी ड्यूटी लगाई गई है। 53 केंद्र को अतिसंवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। पूरे मतदान के दौरान 150 केंद्रों की विशेष निगरानी के लिए केंद्रीय अधिकारियों की टीम माइक्रो आब्जर्वर के रूप में लगाई गई है। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने बताया कि उपचुनाव के लिए सभी आवश्यक तैयारी की जा चुकी है।