छत्तीसगढ़ में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि राज्य में सिलेंडरों की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाले एक-दो दिन में गैस आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी और लोगों को अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
सीएम ने बताया कि ईरान से दो जहाज भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और उनके पहुंचने के बाद आपूर्ति पूरी तरह बहाल हो जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसी भी स्थिति में लोगों को परेशान नहीं होने देगी और यदि कहीं थोड़ी बहुत कमी दिखाई दे, तो उसे तुरंत दूर किया जाएगा।
विपक्ष पर निशाना
गैस संकट को लेकर विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए सीएम साय ने कहा कि कुछ विपक्षी नेता इस मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि वास्तविक स्थिति यह है कि राज्य में गैस की कोई कमी नहीं है और जो खबरें फैल रही हैं, वे पूरी तरह अफवाह हैं।
कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के खाद्य विभाग की टीमों ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की है। अब तक 700 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। कई एजेंसियों के बाहर “गैस नहीं” के बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिससे आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और ऑनलाइन बुकिंग में सर्वर डाउन होने के कारण परेशानी बढ़ रही है। इसके बावजूद सीएम ने आश्वस्त किया कि आपूर्ति जल्द ही सामान्य हो जाएगी और जनता को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है।