कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इसी अवसर पर कोलकाता में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सिंगर और राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो को बंग विभूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही, सिंगर इमान चक्रवर्ती को भी यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया।
भाषा और विविधता पर सीएम का संदेश
अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर ममता बनर्जी ने कहा, “इस खास दिन पर हम यह वचन दोहराते हैं कि किसी भी भाषा पर हमला होगा, हम सब उसके खिलाफ खड़े होंगे। सभी भाषाओं को समान सम्मान मिलना चाहिए।” उन्होंने उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी जो भाषा आंदोलनों के दौरान अपने प्राण गंवा चुके। सीएम ने यह भी कहा कि उनकी सरकार भाषाई विविधता को महत्व देती है और विभिन्न भाषाओं को आधिकारिक मान्यता देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राज्य में मातृभाषा की पढ़ाई को बढ़ावा
सीएम ममता ने आगे कहा कि बंगाली भाषा अपनी समृद्ध साहित्यिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन राज्य में सभी भाषाओं का समान आदर किया जाता है। उन्होंने बताया कि राज्य में कई भाषाई समुदायों के लिए भाषा अकादमियां स्थापित की गई हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर नागरिक को उसकी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार सुनिश्चित किया गया है।