मोकामा (पटना)। मोकामा के नदवां गांव में शुक्रवार को भव्य महादंगल का आयोजन किया गया। इस आयोजन की कमान अनंत सिंह ने संभाली। दंगल में देश-विदेश से आए कई नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया।

करीब 10 हजार दर्शक मैदान में मौजूद थे। लोग कुश्ती से ज्यादा अनंत सिंह को देखने के लिए आए थे। पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल रहा।

विजेता को 51 लाख रुपये और चांदी की गदा

महादंगल के विजेता को 51 लाख रुपये नगद इनाम और चांदी की गदा सम्मान स्वरूप दी जाएगी। ईरान के पहलवान जलाल भी इस दंगल में शामिल हुए। वे अखाड़े में 5 पहलवानों से मुकाबला करेंगे। जो उन्हें हरा पाएगा, उसे 15 लाख रुपये का अलग इनाम मिलेगा। इस विशेष मुकाबले ने दंगल की रोमांचकता और बढ़ा दी।

अनंत सिंह का स्टाइल, गमछा लहराते नजर आए

अनंत सिंह खुद अखाड़े में घूम-घूमकर मुकाबले देख रहे थे। सिर पर साफा और हाथ में गमछा लिए उनका अंदाज दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। उनके साथ उनके बेटे अभिनव सिंह भी मौजूद थे। दर्शक उनके हर मूवमेंट पर नजर बनाए हुए थे। उनकी मौजूदगी ने महादंगल को और खास बना दिया।

गुंजन सिंह के भोजपुरी गानों पर झूमा अखाड़ा

महादंगल में गुंजन सिंह ने अपने हिट भोजपुरी गानों से माहौल में रंग भर दिया। गमछा वाला गाना बजते ही अनंत सिंह भी झूम उठे और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। कुछ देर के लिए अखाड़ा म्यूजिक शो में बदल गया।

जेल से बाहर आने के बाद पहला बड़ा आयोजन

हाल ही में अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिली है। यह उनका जेल से बाहर आने के बाद पहला बड़ा आयोजन था। उन्होंने पूरे आयोजन की निगरानी स्वयं की और हर व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी। इसे उनके पावर शो के रूप में भी देखा जा रहा है।

दुश्मनी से श्रद्धांजलि तक की कहानी

यह महादंगल विवेका पहलवान की पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ। विवेका पहलवान का असली नाम विवेक सिंह था और वे बिहार केसरी जैसे खिताब जीत चुके थे। अनंत सिंह और विवेका के बीच पहले गहरी दुश्मनी रही थी, लेकिन बाद में रिश्ते सामान्य हो गए।

अखाड़े की मिट्टी और भोज की खास व्यवस्था

खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए अखाड़े की मिट्टी मशीन से तैयार की गई, ताकि मुकाबले के दौरान कोई चोट न लगे। साथ ही, बाहर से आए दर्शकों के लिए भोज की भी व्यवस्था की गई थी।