हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल छीनने के मामले में आरोपी युवक कुछ ही देर बाद गोली लगने से मृत मिला। पुलिस के अनुसार, युवक ने बहादराबाद क्षेत्र में गैस प्लांट के पास खाली मैदान में खुद को गोली मारी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके से अवैध पिस्टल बरामद कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी से यह भी पता चला कि युवक ने एकतरफा प्यार के चलते यह कदम उठाया।
घटना का विवरण
उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी युवती, जो जमालपुर क्षेत्र स्थित राम वाटिका में फैक्ट्री में काम कर रही थी, ने गैस प्लांट चौकी में शिकायत दी कि उसके गांव का रहने वाला सुजीत वर्मा जमालपुर चौक के पास मिला और उससे विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने युवती से मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गया।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से किया ट्रेस
सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची। बाउंड्री वॉल के पीछे एक खाली मैदान में युवक का शव मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक ने अपने पास मौजूद पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की।
जांच जारी
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इसमें युवती से मारपीट, धमकी, और युवक की आत्महत्या के बीच संबंधों को खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।