मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन के परिवार से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रवीना टंडन की मां वीना टंडन के घर से करीब 25 लाख रुपये की ज्वेलरी और महंगी घड़ियों की चोरी का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने 47 वर्षीय केयरटेकर राशि छाबड़िया को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पिछले कुछ वर्षों से टंडन परिवार के संपर्क में थी और साल 2020 से घर में आना-जाना कर रही थी। उसे परिवार की ओर से भरोसे के चलते घर के कई हिस्सों तक पहुंच की अनुमति भी दी गई थी। वह रवीना टंडन की मां की देखभाल करती थी और कभी-कभी घर का काम भी संभालती थी।

मामला तब सामने आया जब परिवार को घर से ज्वेलरी और दो महंगी घड़ियों के गायब होने की जानकारी मिली। शुरुआत में परिवार ने खुद भी आरोपी से पूछताछ की, लेकिन उसने चोरी के आरोपों से इनकार कर दिया।

बाद में जब मामले की शिकायत पुलिस को दी गई और सख्ती से पूछताछ की गई, तो आरोपी राशि छाबड़िया ने कथित तौर पर लॉकर तोड़कर सोने-हीरे की ज्वेलरी और घड़ियां चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की गई कुछ घड़ियां बरामद कर ली हैं, जबकि बाकी ज्वेलरी की तलाश अभी जारी है। जुहू पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की गई संपत्ति कहीं और तो नहीं छिपाई गई।