आरा (भोजपुर)। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी की कथित मुठभेड़ में मौत के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए जगदीशपुर के तत्कालीन डीएसपी राजेश कुमार शर्मा को मुख्यालय क्लोज कर दिया है।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, उनकी जगह पंकज कुमार मिश्रा को जगदीशपुर अनुमंडल का नया डीएसपी नियुक्त किया गया है। पंकज मिश्रा अब अगले आदेश तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।

यह आदेश पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के स्तर से जारी किया गया है। पंकज कुमार मिश्रा इससे पहले मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में कार्यरत थे। वे बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी हैं और पूर्व में सुपौल के बीरपुर अनुमंडल तथा पटना के दानापुर (बिहटा) क्षेत्र में डीएसपी पद पर कार्य कर चुके हैं।

हत्या के मामले में दर्ज हुई थी प्राथमिकी

भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद उनकी मां आशा देवी के बयान पर शाहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें तत्कालीन जगदीशपुर डीएसपी राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार सहित मुठभेड़ में शामिल अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

मामले में हत्या समेत गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज होने के बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।

जांच प्रक्रिया जारी

फिलहाल इस कथित मुठभेड़ मामले की न्यायिक जांच और अन्य स्तरों पर जांच जारी है। ऐसे में डीएसपी स्तर पर किया गया यह बदलाव मामले में एक अहम प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।