मुंबई। टीवी जगत के प्रतिष्ठित निर्माता और सागर परिवार की दूसरी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करने वाले आनंद रामानंद सागर चोपड़ा का शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को निधन हो गया। परिवार ने आधिकारिक रूप से यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।

आनंद, महान निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर के पुत्र थे, जिन्होंने 1987 में प्रसारित ऐतिहासिक धारावाहिक रामायण के जरिए भारतीय टेलीविजन के इतिहास में नया अध्याय लिखा था। इस धारावाहिक ने धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को देश के करोड़ों घरों तक पहुंचाया। आनंद सागर चोपड़ा ने सागर आर्ट्स के माध्यम से अपने पिता की इस विरासत को आगे बढ़ाया और कई रचनात्मक परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

परिवार और करीबी लोगों के अनुसार, वे सरल स्वभाव, विनम्र व्यवहार और उच्च जीवन मूल्यों के लिए जाने जाते थे। उनके व्यक्तित्व में संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण झलकता था, जिसने उन्हें जानने वालों के बीच विशेष स्थान दिलाया।

परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परिवार को हमेशा प्रेरित किया और मार्गदर्शन दिया। उनके संस्कार और स्मृतियां सदैव साथ रहेंगी।

आनंद रामानंद सागर चोपड़ा का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम 4:30 बजे मुंबई के हिंदू श्मशान भूमि (पवन हंस) में संपन्न हुआ। टीवी और फिल्म उद्योग से जुड़े कई लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।