संभल: जुमा अलविदा और ईद-उल-फितर के मद्देनज़र शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने संभल कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। इस बैठक में सीओ कुलदीप सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के माहौल में मनाए जाएं।
बैठक के दौरान सीओ कुलदीप सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं, खासकर ईरान और इजरायल के बीच चल रहे तनाव को लेकर शहर में किसी तरह का विरोध प्रदर्शन या नारेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि दूसरे देशों के विवाद को लेकर यहां माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उनके संबोधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार को हुई बैठक का है। इसमें सीओ कहते सुनाई दे रहे हैं कि दो देशों के बीच चल रहे विवाद को भारत की कानून-व्यवस्था से जोड़ना ठीक नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मुद्दों पर अनावश्यक प्रतिक्रिया देकर शहर का माहौल खराब न करें।
सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं
बैठक में प्रशासन ने त्योहारों के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नमाज केवल मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाएगी और किसी भी हालत में सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी मस्जिद में भीड़ अधिक हो जाती है, तो वहीं पर अलग-अलग समय में दो बार नमाज पढ़ने की व्यवस्था की जा सकती है।
भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
बैठक में मौजूद समाजसेवी हाजी एहतेशाम ने लोगों से अपील की कि वे पहले की तरह इस बार भी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं और ऐसा कोई काम न करें जिससे समाज में तनाव या गलतफहमी पैदा हो। प्रशासन ने भी दोहराया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर किसी भी तरह की नारेबाजी या समर्थन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शहर के प्रमुख लोगों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि सभी नागरिक नियमों का पालन करेंगे और मिल-जुलकर त्योहार मनाएंगे, ताकि शहर में शांति और सद्भाव का वातावरण बना रहे।