ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्ते बाघेरजादेह के निधन की खबरों को ईरानी सरकारी मीडिया और समाचार एजेंसियों ने गुरुवार को पूरी तरह से गलत बताया है। मीडिया ने स्पष्ट किया कि मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह जीवित हैं और उनके मरने की अफवाहें निराधार हैं।
हाल ही में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और युद्ध की खबरों के बीच कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका और इस्राइल के हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई और उनकी पत्नी भी मारी गईं। इन खबरों के फैलने के बाद सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
ईरानी मीडिया ने कहा कि जब खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई ने गुरुवार को अपना पहला आधिकारिक बयान जारी किया, तो इसमें उनकी मां के निधन का कोई उल्लेख नहीं था। इसके बाद यह पुष्टि हुई कि उनकी पत्नी के मरने की खबरें पूरी तरह झूठी थीं।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं, और ऐसे माहौल में अपुष्ट जानकारी तेजी से वायरल हो जाती है। ईरान की सरकारी एजेंसियों ने जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से आई खबरों पर भरोसा करें।
ज्ञात हो कि हाल ही में अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ नेता मारे गए थे। इसके जवाब में ईरान ने अरब देशों में अमेरिकी ठिकानों और इस्राइल से जुड़े लक्ष्यों पर हवाई हमले किए, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।