तरनतारन में 18 किलो हेरोइन के साथ गांव कलसियां कलां के सरपंच परमजीत सिंह को गिरफ्तार किए जाने के बाद पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार के नशा विरोधी अभियान के बावजूद, कई तस्करों के नाम उसी पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
नवजोत कौर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को इशारों-इशारों में निशाना बनाते हुए लिखा कि अगर सरकार अपनी ही पार्टी के भीतर जांच करे, तो कई ऐसे चेहरे सामने आएंगे। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या राज्य की खुफिया व्यवस्था इतनी कमजोर है कि असली आरोपियों की पहचान नहीं कर पा रही।
इससे पहले बुधवार तड़के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनसीबी) की विशेष टीम ने सरपंच के घर पर छापा मारा और करीब 18 किलो हेरोइन बरामद की। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी गांव की विलेज डिफेंस कमेटी का प्रधान भी बताया जा रहा है।
सरपंच को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया गया और घर की गहन तलाशी के दौरान उसके निशानदेही पर बड़ी मात्रा में नशीली दवा बरामद हुई। मामले में अमृतसर थाना क्षेत्र में केस दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।