मुंबई। जन्मदिन के अगले ही दिन, बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और निर्माता संजय लीला भंसाली को लेकर सोशल मीडिया और फिल्मी जगत में हार्ट अटैक की अफवाहें फैल गईं। खबरों में दावा किया गया कि निर्देशक को जन्मदिन वाले दिन ही दिल का दौरा पड़ा था और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालांकि, तेजी से फैल रही इन खबरों के बाद संजय लीला भंसाली के परिवार ने तुरंत एक आधिकारिक बयान जारी किया। बयान में साफ कहा गया कि निर्देशक केवल रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल गए थे और उनका स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है। परिवार ने फैंस के प्यार और चिंता के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।

अफवाहों को बताया झूठ

निर्देशक से जुड़े करीबी सूत्रों ने भी इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि संजय लीला भंसाली को हार्ट अटैक की कोई समस्या नहीं हुई है और फैंस को किसी भी अफवाह पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

63वां जन्मदिन और फिल्मी दुनिया का प्यार

संजय लीला भंसाली ने 24 फरवरी को अपना 63वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर बॉलीवुड के कई कलाकारों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। आलिया भट्ट, मनीषा कोइराला, अदिति राव हैदरी और विक्की कौशल जैसे सितारे इस मौके पर शामिल रहे।

वर्कफ्रंट: 'लव एंड वॉर' और 'दो दीवाने सहर में'

वर्कफ्रंट की बात करें तो भंसाली की आगामी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिका में होंगे। यह फिल्म रोमांटिक-ड्रामा और युद्ध पर आधारित कहानी होगी, जिसे इस साल रिलीज़ की संभावना जताई जा रही है।

इसके अलावा उनके प्रोडक्शन हाउस की दूसरी फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई। मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी स्टारर यह फिल्म आलोचकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं लेकर सामने आई, और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन औसत रहा।