लॉस एंजेल्स। दुनिया की प्रसिद्ध सिंगर और एंटरप्रेन्योर रिहाना के घर के पास रविवार, 8 मार्च को फायरिंग की घटना हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक महिला ने बार-बार गोली चलाई, लेकिन घर में कोई भी घायल नहीं हुआ। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दी जानकारी

लॉस एंजेल्स पुलिस डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि घर के गेट पर 5 से 7 गोलियां लगीं, लेकिन घर के अंदर कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के समय रिहाना और उनके परिवार के लोग घर में मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला की उम्र 30 साल है।

वाहन के जरिए हुई ट्रैकिंग

पुलिस ने गोलियां चलाने वाली महिला की सफेद टेस्ला कार को ट्रैक किया और पास ही एक स्थान से उसे हिरासत में लिया। अधिकारियों ने अभी तक महिला की पहचान और गोलीबारी के पीछे कारण सार्वजनिक नहीं किया है। मामले की जांच जारी है।

रिहाना का परिवार

38 वर्षीय रिहाना अपने पार्टनर रैपर रॉकी और तीन बच्चों के साथ बेवर्ली हिल्स में रहती हैं। फिलहाल उनके प्रतिनिधियों ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

पिछले साल सितंबर में रिहाना ने तीसरे बच्चे को जन्म दिया था। उन्होंने मई 2025 के मेट गाला में अपनी प्रेग्नेंसी का खुलासा किया था।

रिहाना कौन हैं?

ग्रैमी अवार्ड विजेता सिंगर रॉबिन रिहाना फेंटी, जिन्हें हम रिहाना के नाम से जानते हैं, संगीत और फैशन की दुनिया में बेहद प्रभावशाली हैं। म्यूजिक करियर के साथ-साथ उन्होंने अपने ब्रांड के जरिए फैशन, ब्यूटी और कॉस्मेटिक्स में एक ग्लोबल बिजनेस एम्पायर खड़ा किया है।