तमिल सिनेमा में अपनी दमदार पहचान बनाने वाले अभिनेता विजय अब राजनीति के मैदान में भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते नजर आ रहे हैं। अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ पहली बार चुनावी रण में उतरे विजय को जनता का जबरदस्त समर्थन मिलता दिख रहा है। राज्य की 234 सीटों में से उनकी पार्टी 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

चुनावी रुझानों में सफलता की ओर बढ़ते विजय अपने पिता से आशीर्वाद लेने चेन्नई स्थित उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाहर मौजूद समर्थकों का अभिवादन किया। समर्थकों ने भी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और माहौल जश्न में बदल गया। विजय ने भी अपने अंदाज में खुशी जाहिर करते हुए सीटी बजाकर समर्थकों का उत्साह बढ़ाया।

विजय के इस प्रदर्शन पर उनके पिता और प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एस.ए. चंद्रशेखर ने खुशी जताई। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह उनके लिए गर्व का पल है और वे अपने बेटे की सफलता से बेहद प्रसन्न हैं।

गौरतलब है कि एस.ए. चंद्रशेखर तमिल फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक, निर्माता और लेखक रहे हैं। विजय के शुरुआती करियर में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इधर, चुनावी तस्वीर स्पष्ट होती देख विजय अपने आवास से जीत का प्रमाणपत्र लेने के लिए भी रवाना हो गए हैं। उनकी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन से समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। कई जगहों पर मिठाइयां बांटी जा रही हैं और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया जा रहा है।