फिरोजपुर में थाना गुरुहरसहाय पुलिस पर कार्रवाई के दौरान हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गांव झुग्गे जवाहर सिंह वाला में एक मामले की जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर हाथापाई की गई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दियां फट गईं और कई जवान घायल हो गए।
इस घटना को लेकर पुलिस ने पीएचजी सुनील सिंह के बयान के आधार पर करीब 20 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच के दौरान हुआ विवाद
थाना गुरुहरसहाय के एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी एक आपराधिक मामले की जांच के सिलसिले में गांव झुग्गे जवाहर सिंह वाला पहुंची थी। टीम वहां आरोपी जगदीश सिंह से पूछताछ कर रही थी, तभी स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस टीम पर हमला
आरोप है कि इस दौरान जगदीश सिंह उर्फ भट्टीयां, करतार सिंह, हरमेश सिंह, बलविंद्र सिंह उर्फ बिंदी, संदीप सिंह उर्फ विक्की, अनवर सिंह, कैलाश रानी, आशा रानी, बगो और अशोक सिंह सहित अन्य लोगों ने मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट की गई और उनकी वर्दियां भी फाड़ दी गईं।
हमले में शिकायतकर्ता पीएचजी सुनील सिंह भी घायल हो गए।
मामला दर्ज, जांच जारी
एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि पूरे मामले में 20 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।