नोएडा: सेक्टर-59 में स्थित मिंडा कंपनी परिसर में शनिवार शाम अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कंपनी के अंदर मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित बाहर निकलने के लिए भागते नजर आए। इस घटना में कुछ कर्मचारियों के घायल होने की भी सूचना है।


मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमों को तुरंत रवाना किया गया। मौके पर आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहन पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त एंबुलेंस भी घटनास्थल पर बुलाई गई हैं। घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है, जबकि आग बुझाने का अभियान लगातार जारी है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही इसकी पुष्टि की जाएगी।