साउथ अमेरिका में गुरुवार को शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.5 मापी गई, जबकि इसकी गहराई 10.8 किलोमीटर थी। भारतीय समयानुसार भूकंप सुबह 07:46:22 पर आया।
यूएसजीएस ने शुरुआती रूप से भूकंप की तीव्रता 8 बताई थी, जिसे बाद में घटाकर 7.5 कर दिया गया। हालांकि, अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने ड्रेक पैसेज भूकंप के बाद किसी क्षेत्र के लिए कोई सुनामी अलर्ट नहीं जारी किया। केवल चिली में ही स्थानीय स्तर पर सुनामी चेतावनी दी गई।
ड्रेक पैसेज क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यह दक्षिण अमेरिकी और अंटार्कटिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है। जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र ने भूकंप की तीव्रता 7.1 मापी है। फिलहाल इस भूकंप से किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं आई है। यह क्षेत्र अपने खतरनाक समुद्री मार्ग और तेज हवाओं के लिए भी जाना जाता है।
इससे पहले, 30 जुलाई को रूस के सुदूर पूर्व में भी एक शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता 8.8 थी। उस दौरान जापान और अलास्का में सुनामी लहरें उठीं और प्रशांत महासागर के आस-पास के क्षेत्रों में लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए चेतावनी दी गई थी।