अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन के रीगन नेशनल एयरपोर्ट के नजदीक अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान और हेलीकॉप्टर में टक्कर हुई थी. इसमें सभी 67 लोगों के मरने की पुष्टि की गई है. अधिकारियों के अनुसार, विमान में 64 और सेना के हेलीकॉप्टर 3 लोग मौजूद थे.वॉशिंगटन डीसी के फायर चीफ अधिकारियों ने बताया है कि उन्हें लगता है कि इस हादसे में अब कोई जिंदा नहीं बचा है. इसलिए अब रेस्क्यू ऑपरेशन को रिकवरी ऑपरेशन में तबदील किया जा रहा है.
परिवहन सचिव सीन डफी ने जानकारी दी है कि रात को मौसम बिलकुल साफ था और विमान और हेलीकॉप्टर दोनों के रास्ते सामान्य थे. उन्होंने कहा कि दोनों विमानों और नियंत्रण टावर के बीच संपर्क को लेकर कोई खराबी नहीं हुई थी. अधिकारियों ने कहा कि अभी तक जो जानकारी मिल रही है उसके अनुसार, इस हादसे से पहले कुछ भी खराबी नहीं दिखाई दे रही थी. जांच की जाएगी आखिर किस वजह से हादसा हुआ.
एयरलाइन्स के अधिकारियों ने बताया है कि गुरुवार सुबह विमान रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. संघीय उड्डयन प्रशासन ने अपने एक बयान में जानकारी दी है कि रात करीब 9 बजे रीगन नेशनल के रनवे 33 के पास पहुंचने से पहले एक हेलीकॉप्टर से हवा में टकरा गया था.
डोनाल्ड ट्रंप ने जताया शक
हादसे के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है. राष्ट्रपति ट्रंप ने कुछ अटकलें लगाई हैं. उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, “हवाई जहाज हवाई अड्डे के लिए एकदम सही जा रहा था. वो लंबे समय तक विमान की ओर सीधे जा रहा था. रात बिल्कुल साफ थी और विमान की लाइटें जल रही थीं. ऐसे में हेलीकॉप्टर मुड़ा क्यों नहीं. कंट्रोल टावर ने हेलीकॉप्टर को यह क्यों नहीं बताया कि उसे क्या करना है, बजाय इसके पूछा, क्या उन्हें विमान दिख रहा है. यह एक भयावाह स्थिति है जिसे रोका जाना चाहिए था, ये अच्छा नहीं है”.
64 यात्रियों के साथ रवाना हुआ था विमान
अमेरिकन एयरलाइंस ने इससे पहले अपने एक बयान में कहा है कि उनकी फ्लाइट 5342 में 60 यात्री और चार चालक दल के सदस्य सवार थे. ये फ्लाइट अमेरिकी समय के अनुसार शाम 6 बजकर 20 मिनट पर विचिटा से वाशिंगटन डीसी के लिए रवाना हुई थी.