मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक गंभीर सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112 और 113 के बीच सुबह करीब 3:35 बजे हुआ, जब यात्रियों से भरी एक वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोला बस सर्विस की वोल्वो बस में करीब 65 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सीओ महावन और थाना राया पुलिस ने राहत कार्य की कमान संभाली। वहीं, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने भी तत्काल बचाव अभियान शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब 20 से 25 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।