कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे एक हमाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है।

सोते समय किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, राजेश महाराज नामक हमाल रोज की तरह ओवरब्रिज के नीचे बने चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान उसका ही साथी वहां पहुंचा, जो उसके साथ ही खानाबदोश जीवन जीता था और नशे का आदी बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी, जिसे आसपास के लोगों ने शांत कराया था।

30 से अधिक वार कर की हत्या

दोपहर के समय आरोपी ने सोते हुए राजेश पर अचानक डंडे से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसके सिर पर 30 से 35 बार लगातार वार किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई एमबी पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

वीडियो वायरल होने से बढ़ा दबाव

हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थोड़ी ही देर में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

नशे और विवाद बना वजह

टीआई एमबी पटेल के अनुसार, मृतक और आरोपी दोनों हमाल का काम करते थे और नशे की आदत के कारण अक्सर उनके बीच विवाद होता रहता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और झगड़े के चलते ही यह वारदात हुई।

इलाके में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग

ओवरब्रिज के नीचे हमालों और खानाबदोश लोगों का अक्सर जमावड़ा रहता है। नशे और आपसी विवाद के कारण यहां समय-समय पर झगड़े होते रहते हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है।

व्यापारियों और राहगीरों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

थाना प्रभारी का तबादला

लगातार आपराधिक घटनाओं के बाद कोतवाली थाना क्षेत्र एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किया गया है।

टीआई एमबी पटेल को कोतवाली से हटाकर कटघोरा थाना भेजा गया है, जबकि धर्म नारायण तिवारी को कोतवाली थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।