गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के पूजा कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला ने अपनी बहन के साथ मिलकर अपने प्रेमी की गला दबाकर हत्या की और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।

मृतक की पहचान रामपुर निवासी जाकिर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, 23 जून को जाकिर का शव उसके घर के अंदर मिला था। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि जाकिर की मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या से हुई है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई।

लिव-इन पार्टनर और बहन पर हत्या का आरोप

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के साथ लिव-इन में रह रही महिला किरन और उसकी बहन कशिश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

किरन ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और अपने पति व तीन बच्चों के साथ नोएडा में रहती है। वह समय-समय पर जाकिर के साथ रहने के लिए पूजा कॉलोनी आती-जाती थी। पिछले कुछ दिनों से वह जाकिर के पास रह रही थी और अपने पति व बच्चों के पास लौटना चाहती थी, लेकिन जाकिर इसका विरोध कर रहा था।

साजिश रचकर की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, किरन ने जाकिर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसमें अपनी बहन कशिश को भी शामिल कर लिया। योजना के तहत 23 जून को दोनों बहनों ने जाकिर के मोबाइल से ओला कैब बुक की और उसके बच्चों को घर से बाहर भेज दिया।

इसके बाद घर में मौजूद किरन और कशिश ने पहले जाकिर के सिर पर वार कर उसे बेहोश किया और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

आत्महत्या का नाटक करने की कोशिश

हत्या के बाद दोनों ने घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शोर मचाया और जाकिर के परिवार को फोन कर उसे फांसी लगाने की बात बताई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस दावे की पूरी तरह पोल खोल दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।