काबुल। अफगानिस्तान (Afghanistan) में एक बार फिर जुमे की नमाज के दौरान आतंकियों ने खून की होली खेली है। उत्तरी अफगानिस्तान में जुमे की नमाज के दौरान हुए एक मस्जिद में विस्फोट (blast in mosque) में 33 लोगों की मौत हो गई है। बम विस्फोट में 50 के आसपास लोग घायल भी हैं। तालिबान के प्रवक्ता ने बताया कि इस्लामिक स्टेट द्वारा दो अलग अलग घातक हमलों के दावे के एक दिन बाद यह विस्फोट हुआ है। आईएस (Islamic state) लगातार अफगानिस्तान के शिया मुसलमानों को निशाना बना रहा है। हालांकि, तालिबान लड़ाकों द्वारा अमेरिकी सैनिकों को देश छोड़ने पर मजबूर करने के साथ अफगानिस्तान में अपना पूरा कब्जा जमाने के बाद विस्फोटों में कमी आई है।
विस्फोट में मारे गए लोगों में काफी संख्या में बच्चे भी
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने ट्वीट किया कि उत्तरी प्रांत कुंदुज की एक मस्जिद में हुए विस्फोट में मारे गए 33 लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, "हम इस अपराध की निंदा करते हैं... और शोक संतप्त लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"
सोशल मीडिया पर विस्फोट के फोटोज वायरल
सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई फोटोज को तुरंत सत्यापित नहीं किया जा सका है। तमाम फोटोज में कुंदुज शहर के उत्तर में सूफियों के साथ लोकप्रिय मावलवी सिकंदर मस्जिद की दीवारों को विस्फोट के बाद क्षतिग्रस्त दिखाया गया है। शवों के जगह-जगह चिथड़े व लोथड़े दिखाई दे रहे हैं।