बिहार। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

परिवार से मिलने के बाद अजय राय ने पूरे मामले की जानकारी ली और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि कथित एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।

अजय राय ने कहा कि भरत तिवारी व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते थे और भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा कि “उन्होंने व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ी, मैं उनकी माता को नमन करता हूं जिन्होंने ऐसे बेटे को जन्म दिया।”

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में विशेष वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है और इस घटना की तुलना विकास दुबे मामले से की। अजय राय ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

इस दौरान उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि परिवार को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचता है तो कांग्रेस पूरे देश में आंदोलन करेगी। मौके पर कई स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


इसी मामले में हरियाणा के कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स भी बिलौटी गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

कुलदीप वत्स ने कहा कि यह घटना गंभीर संदेह पैदा करती है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने इसे कथित फर्जी एनकाउंटर बताते हुए कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

विधायक ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले की जांच किसी सेवानिवृत्त नहीं बल्कि वर्तमान हाईकोर्ट जज से कराई जानी चाहिए थी, ताकि जांच तेज और निष्पक्ष हो सके।