एम्स्टर्डम: नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम में शनिवार सुबह यहूदी समुदाय से जुड़े एक स्कूल में विस्फोट होने की खबर सामने आई है। इस घटना में इमारत को नुकसान पहुंचा, हालांकि अब तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शहर की मेयर फेम्के हालसेमा ने इस घटना को यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया हमला बताया है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में एम्स्टर्डम में यहूदी-विरोधी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को जल्द नियंत्रण में ले लिया। फिलहाल अधिकारी विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं।
पश्चिम एशिया के तनाव के बीच घटना
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। एक ओर अमेरिका और इजराइल हैं, जबकि दूसरी ओर ईरान और हिजबुल्ला के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है और क्षेत्र में लगातार सैन्य कार्रवाई जारी है।
एक दिन पहले रॉटरडैम में भी हुआ धमाका
एम्स्टर्डम की इस घटना से एक दिन पहले डच शहर रॉटरडैम में भी एक विस्फोट हुआ था। शुक्रवार तड़के वहां एक सिनेगॉग के प्रवेश द्वार के पास धमाका हुआ, जिससे हल्की आग लग गई थी। पुलिस ने इसे आगजनी का मामला मानते हुए जांच शुरू की है। इस घटना में भी किसी के घायल होने की खबर नहीं है और आग पर जल्द काबू पा लिया गया था।
संदिग्धों को हिरासत में लिया गया
रॉटरडैम की घटना के बाद पुलिस ने एक अन्य सिनेगॉग के पास खड़ी कार में मौजूद चार किशोरों को हिरासत में लिया है। वहीं, नीदरलैंड के एक यहूदी संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि एक इस्लामवादी समूह ने रॉटरडैम विस्फोट का वीडियो साझा करते हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन के मुताबिक, इसी समूह ने हाल ही में बेल्जियम के लीज शहर में एक सिनेगॉग पर हुए हमले की जिम्मेदारी भी ली थी।