तेहरान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान युद्ध को लेकर टिप्पणी के जवाब में ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि युद्ध कब और कैसे खत्म होगा, यह सिर्फ तेहरान तय करेगा।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने जोर देकर कहा कि इस क्षेत्र की परिस्थितियाँ और भविष्य की दिशा अब उनके नियंत्रण में हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका युद्ध के अंत को निर्धारित नहीं कर सकता।

ईरान का बयान

आईआरजीसी के बयान में कहा गया, “हम ही तय करेंगे कि युद्ध कब समाप्त होगा। इस क्षेत्र के समीकरण और भविष्य की दिशा हमारी सेनाओं के हाथों में हैं। अमेरिकी सेना इसका निर्धारण नहीं कर सकती।”

ट्रंप की टिप्पणी

इससे पहले ट्रंप ने युद्ध की समयसीमा को लेकर आशावाद जताया था। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ लड़ाई संक्षिप्त हो सकती है, लेकिन यदि ईरान वैश्विक तेल आपूर्ति में बाधा डालता है, तो संघर्ष लंबा खिंच सकता है।

ट्रंप ने मियामी के अपने गोल्फ क्लब में रिपब्लिकन सांसदों से कहा, “हमने मध्य पूर्व का एक छोटा दौरा किया ताकि कुछ समस्याओं से निपटा जा सके। मुझे लगता है कि यह केवल एक छोटा सा अभियान होगा।”