देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े कथित ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई डालनवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई।
मामला तब सामने आया जब भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और अन्य इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर कुछ ऑडियो-वीडियो सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिसमें उनका तथा भाजपा के कई नेताओं का नाम जोड़कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है।
शिकायत में कहा गया कि वायरल सामग्री के जरिए राजनीतिक दुर्भावना के तहत झूठे आरोप लगाए गए और जनमानस को भ्रमित करने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य प्रदेश में राजनीतिक माहौल को प्रभावित करना और सामाजिक तनाव पैदा करना था।
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रसारित ऑडियो-वीडियो में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे उनकी व्यक्तिगत छवि और पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। शिकायत के अनुसार, इस सामग्री के प्रसार से मानसिक उत्पीड़न की स्थिति भी उत्पन्न हुई।
एफआईआर में यह आशंका भी जताई गई है कि इस पूरे मामले में कुछ अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से प्रदेश और अन्य क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बनाने का प्रयास किया गया।
एसएसपी देहरादून परमेंद्र डोबाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि डालनवाला कोतवाली में दर्ज मुकदमे के तहत सुरेश राठौर को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि राठौर के खिलाफ अन्य थाना क्षेत्रों में भी कुछ मामले दर्ज हैं, जिनकी जांच संबंधित पुलिस इकाइयों द्वारा की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।