जेद्दा: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ जेद्दा में विशेष बैठक की। इस अवसर पर शहबाज शरीफ ने क्षेत्रीय चुनौतियों के बीच सऊदी अरब के प्रति पाकिस्तान की पूरी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ उप-प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री इशाक डार और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर भी मौजूद थे। बैठक में दोनों देशों के नेताओं ने पश्चिम एशिया में हालात और हालिया घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय स्थिरता और शांति बनाए रखने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। शहबाज शरीफ ने भरोसा दिलाया कि पाकिस्तान हमेशा सऊदी अरब के साथ खड़ा रहेगा।

पाकिस्तान के लिए द्विपक्षीय संतुलन चुनौतीपूर्ण
यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब ईरान और इस्राइल के बीच तनाव बढ़ रहा है। पिछले साल सितंबर में पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच रक्षा समझौता हुआ था, जिसके तहत दोनों देशों ने एक-दूसरे की रक्षा का आश्वासन दिया। अब बढ़ते तनाव ने पाकिस्तान की भूमिका को और महत्वपूर्ण बना दिया है क्योंकि उसे ईरान और सऊदी अरब दोनों के साथ संतुलन बनाए रखना है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने पहले ही कहा था कि जरूरत पड़ने पर वह सऊदी अरब की मदद के लिए तैयार रहेगा। इसी कड़ी में शहबाज शरीफ ने हाल ही में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से भी फोन पर बातचीत की और क्षेत्रीय विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिश की।

सेना प्रमुख आसिम मुनीर का सऊदी दौरा
इससे पहले 7 मार्च को पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर भी सऊदी अरब गए थे। उन्होंने सऊदी रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान से मुलाकात की और ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों से उत्पन्न सुरक्षा खतरों पर चर्चा की। इसके अलावा, उप-प्रधानमंत्री इशाक डार ने सऊदी और ईरानी विदेश मंत्रियों से बातचीत कर तनाव कम करने और हमलों से बचने के उपायों पर जोर दिया। पाकिस्तान लगातार मुस्लिम देशों के नेताओं के संपर्क में रहकर क्षेत्र में शांति बनाए रखने का प्रयास कर रहा है।