इजराइल के कब्जे वाले गोलान हाइट्स पर पिछले हफ्ते शनिवार को हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है. इजराइल ने इसके लिए लेबनान के ईरान समर्थित गुट हिजबुल्लाह को जिम्मेदार बताया था और उसके सबक सिखाने की बात भी कही थी. अब इजराइल की ओर से दावा किया गया है कि लेबनान की राजधानी बेरूत पर किया गया हमला कामयाब रहा जिसमें हिजबुल्लाह कमांडर मारा गया.

इजरायली सेना ने बताया कि उसकी ओर से आज मंगलवार को राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह कमांडर फउद शुकर के खिलाफ लक्षित हमला किया गया. हमले में वह मारा गया. इसके साथ ही यह हमला पूरा हो गया और हम युद्ध शुरू करने को लेकर इच्छुक नहीं हैं. फउद शुकर के बारे में जानकारी देने पर 5 मिलियन डॉलर का इनाम रखा गया था. हालांकि लेबनानी सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि हिजबुल्लाह कमांडर की स्थिति के बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते.

‘गोलान हाइट्स’ पर हमले का था जिम्मेदार

कमांडर फउद शुकर के बारे में इजराइली सेना ने दावा किया था कि वह गोलान हाइट्स पर हमले के लिए जिम्मेदार था. गोलान हाइट्स पर शनिवार को एक फुटबॉल मैदान पर हुए रॉकेट हमले में 12 बच्चों और किशोरों की मौत हो गई थी.

इजरायली रक्षा बलों (IDF) की ओर से जारी बयान में कहा गया, “आईडीएफ ने मजदल शम्स में बच्चों की हत्या और कई अन्य इजरायली नागरिकों की हत्या के लिए जिम्मेदार कमांडर पर बेरूत में लक्षित हमला किया.” इसने आगे बताया कि हमले के बाद उसने इजरायल में नागरिक सुरक्षा के लिए कोई नया निर्देश जारी नहीं किया है.

इजराइल और लेबनान के बीच तनाव

हालांकि एक वरिष्ठ लेबनानी सुरक्षा सूत्र ने कहा कि कमांडर की स्थिति के बारे में अभी कुछ भी नहीं कह सकते. लेबनान की सरकारी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने कहा कि इजरायली हमले ने राजधानी बेरूत के हरीत हरेक (Haret Hreik) इलाके में हिज़्बुल्लाह की शूरा काउंसिल के आस-पास के इलाके को निशाना बनाया.

गोलान हाइट्स पर हमले के बाद से ही इजराइल और लेबनान के बीच तनाव बना हुआ था. राजधानी बेरूत में इजरायली हमले की आशंका के चलते पिछले कई दिनों से तनाव बना हुआ था. यह हमला इजरायली कब्जे वाले गोलान हाइट्स में मजदल शम्स के ड्रूज गांव पर हमले के जवाब में किया गया है.

इजरायल और अमेरिका की ओर से इस हमले के लिए हिज़्बुल्लाह गुट को दोषी ठहराया गया था जबकि ईरान समर्थित संगठन ने इसकी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था.