पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रदेश की राजधानी पेशावर में बम धमाका हुआ है, इस धमाके में लगभग सात लोगों की मौत हो गई है और 70 लोगों के घायल होने की खबर है। धमाका पेशावर शहर के बाहरी इलाके में बने एक मदरसे में हुआ है। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घायलों को नजदीकी लेडी रीडिंग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल धमाके के पीछे की वजह समाने नहीं आई है। पाकिस्तान पुलिस ने इस धमाके को लेकर जानकारी दी है।
पुलिस अधिकारी वकार अजीम ने कहा कि बम विस्फोट उस समय हुआ जब जामिया जुबैरिया मदरसे के मुख्य हॉल में एक मौलवी इस्लाम की शिक्षाओं के बारे में लेक्चर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि मदरसे में किसी के बैग से निकलने के कुछ मिनट बाद बम फट गया। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है। अस्पताल के अधिकारियों को आशंका है कि मरने वालों की संख्या अभी बढ़ सकती है।