गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक एसी सर्विस सेंटर में अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन मंजिला इमारत पूरी तरह इसकी चपेट में आ गई और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान एसी में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलिंडर और कंप्रेसरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इस हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि मौके पर खड़े कई वाहन भी जलकर खाक हो गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और कोतवाली फायर स्टेशन से शुरुआती टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशनों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल आठ फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल की निगरानी में दमकलकर्मियों ने चार हौज पाइप की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण मौके पर भारी भीड़ भी जमा हो गई।

आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा बन गया था, जिसके चलते दमकलकर्मियों को विशेष सुरक्षा उपकरण (बीए सेट) पहनकर अंदर घुसकर रेस्क्यू और फायर फाइटिंग करनी पड़ी। सर्च ऑपरेशन के दौरान भूतल पर एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मृतक उसी सर्विस सेंटर में कार्यरत थे। आग में दो कार और लगभग 10 दोपहिया वाहन भी पूरी तरह जल गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।